हमीरपुर जिले के चकमोह गांव में बुधवार सुबह खेत में करीब 12 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। अजगर ने एक मोर को अपनी कुंडली में जकड़ रखा था, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर स्नेक सेवर जसवीर ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में जंगल में छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार पुरुषोतम चंद सुबह खेत में पशुओं के लिए घास लेने गए थे। इसी दौरान उन्होंने अजगर को मोर को जकड़े हुए देखा। विशालकाय अजगर को देखकर वह घबरा गए और घर लौटकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने जसवीर ठाकुर को सूचना दी। जसवीर ठाकुर ने मौका पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़ लिया और उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।