फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर के बिझड़ी में तीन जगह चोरी, 50 लाख के गहने ले उड़े चोर; 20 दिन बाद होनी है बेटी की शादी

शातिर चोरों ने बीती रात बिझड़ी बाजार में बेखौफ होकर तीन जगह सेंध लगाई। महज 50 से 60 मीटर के दायरे में दो दुकानों और एक घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सबसे बड़ी वारदात सुरजीत सिंह के घर में हुई, जहां 20 दिन बाद उनकी बेटी की शादी होनी है। चोर शादी के लिए बनवाए गए सोने-चांदी के आभूषणों के साथ पुश्तैनी गहने भी ले गए। परिवार ने चोरी हुए आभूषणों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई है। बड़सर थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चोरों ने सबसे पहले बिझड़ी बाजार में देशराज और रवि पटियाल की दुकानों के ताले तोड़े। दोनों दुकानों से हार और नई करेंसी की गड्डियां चोरी की गईं। देशराज की दुकान से करीब 50 हजार रुपये के नोटों के हार और नकदी ले जाने की बात सामने आई है। वहीं, रवि की दुकान से पांच हजार रुपये चोरी हुए हैं। इसके बाद चोरों ने कुछ ही दूरी पर स्थित सुरजीत सिंह के घर को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि सुरजीत सिंह का परिवार बेटी की शादी की तैयारियों के सिलसिले में खरीदारी करने चंडीगढ़ गया हुआ था। घर खाली देखकर चोरों ने कमरों और सामान को खंगाला और गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त सुरजीत सिंह के अनुसार, घर से करीब 30 तोले सोने और आधा किलो चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। इनमें बेटी की शादी के लिए बनवाए गए गहनों के अलावा पुश्तैनी आभूषण भी शामिल हैं। परिवार के मुताबिक, चोरी हुए गहनों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। घटना से परिवार सदमे में है। वारदात के बाद घर में शराब की खाली बोतलें, जूठे गिलास और खाद्य सामग्री मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने घर के भीतर बैठकर शराब पी और काफी समय बिताया। दुकानदारों को चोरी का पता सुबह लगा, जबकि घर में हुई वारदात की जानकारी परिवार को दोपहर बाद मिली। सूचना मिलते ही बड़सर पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। घटनास्थल से करीब 50 से 60 मीटर की दूरी पर भी सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, लेकिन फिलहाल पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। डीएसपी बड़सर हरीश गुलेरिया ने बताया कि बड़सर थाना की टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस वारदात से जुड़े सुराग तलाश रही है और जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें