फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर: सांसद अनुराग ठाकुर बोले- संविधान कुचलने वाले आज संविधान बचाने की बात कर रहे

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान को कुचलने वाले लोग आज संविधान बचाने की बात कर रहे हैं। यह समझ से परे है। दिल्ली में चल रहे आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन के लिए अनुमति लेना और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी सही जानकारी देना जरूरी है। वह रविवार को एनआईटी हमीरपुर में आयोजित तीन दिवसीय शिक्षा महाकुंभ के छठे संस्करण के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा है और अब रक्षा उपकरणों का दूसरे देशों को निर्यात भी कर रहा है। उनके अनुसार, देश को शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में मजबूत नेतृत्व मिला है, जिससे दोनों क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित हुए हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के देश में सुपर इमरजेंसी वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनकी पार्टी में सांसदों के जाने और सत्ता से बाहर होने के कारण वह बौखलाहट में बयानबाजी कर रही हैं। उन्होंने इस बयान को राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़ते हुए ममता बनर्जी पर निशाना साधा। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर ईवीएम सही बताई जाती है, जबकि हारने पर उसे गलत ठहराया जाता है। उन्होंने विपक्ष के इस रुख पर सवाल उठाते हुए चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। एनआईटी हमीरपुर में आयोजित तीन दिवसीय शिक्षा महाकुंभ के छठे संस्करण के समापन समारोह में शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और समृद्धि जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। अनुराग ठाकुर ने आयोजन को शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श का मंच बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति को महत्व देना भी जरूरी है। शिक्षा महाकुंभ का अगला संस्करण आईआईटी जम्मू में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में त्रिपुरा सरकार की आईएएस अधिकारी सोनल गोयल भी मौजूद रहीं। आयोजन में शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ भविष्य की दिशा पर विचार-विमर्श किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें