धनतेरस के पर्व पर चंबा शहर का बाजार रौनक से गुलजार रहा। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए सुबह से ही दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर बर्तनों की दुकानों तक ग्राहकों की खूब चहल-पहल देखने को मिली। लोगों ने धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानते हुए अपनी पसंद के आभूषण, सोने-चांदी के सामान और विभिन्न प्रकार के बर्तन खरीदे। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजार में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। दुकानदारों के अनुसार नवरात्रों के दौरान बाजार में खरीदारी की गति कुछ धीमी रही थी, लेकिन धनतेरस पर ग्राहकों की अच्छी आमद से कारोबार को गति मिली। खासतौर पर आभूषण और बर्तनों की दुकानों पर अधिक भीड़ देखने को मिली। दुकानदारों ने बताया कि धनतेरस को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। ग्राहक अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार सोने-चांदी के आभूषणों और घरेलू उपयोग के बर्तनों की खरीदारी कर रहे हैं। धनतेरस पर बाजार में उमड़ी भीड़ से कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि दीपावली तक बाजार में खरीदारी का यह उत्साह बना रहेगा और कारोबार में तेजी जारी रहेगी।