शहर के नए बस अड्डे, भद्रम, करियां और चौंतड़ा के पास सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे वाहनों के कारण अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ऑल ड्राइवर कल्याण संघ ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है। संघ के जिला अध्यक्ष मनोज टंडन सहित कैलाश चंद और रोशन लाल ने कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़े होने से मार्ग संकरा हो जाता है। इससे विशेषकर बड़े वाहनों के चालकों को आवाजाही में दिक्कतें आती हैं। कई बार सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण वाहनों को निकालने में देरी होती है। इससे पीछे से आने वाले वाहन चालकों के साथ विवाद की स्थिति भी बन जाती है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि बेतरतीब पार्किंग के कारण वाहन चालकों का समय बर्बाद होता है और सड़क पर दुर्घटना होने का अंदेशा भी बना रहता है। संकरे मार्ग से बड़े वाहनों को निकालना काफी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की कि चिह्नित स्थानों पर अवैध और बेतरतीब पार्किंग करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी न हो।