फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंबा मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल, भाजपा कार्यकर्ता ने गेट पर दिया धरना

पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता जय सिंह ने मोर्चा खोल दिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरना देकर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष जताया। उनका आरोप है कि पर्याप्त संसाधन और तकनीकी स्टाफ नहीं होने के कारण मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर होना पड़ रहा है। जय सिंह ने ट्रॉमा सेंटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि दुर्घटना में घायल मरीजों को उपचार के लिए टांडा, आईजीएमसी शिमला और पीजीआई चंडीगढ़ भेजना पड़ता है, तो चंबा में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का औचित्य क्या रह जाता है। उन्होंने कहा कि सेंटर में मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद पर्याप्त तकनीकी कर्मचारी नहीं हैं। इस वजह से मरीजों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। भाजपा कार्यकर्ता ने सरोल स्थित 200 बिस्तरों वाले नए भवन की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई। उनके अनुसार, करीब 158 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस भवन का लोकार्पण हुए चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन यहां अभी केवल तीन ओपीडी ही संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि नए भवन में एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी शुरू नहीं हो पाई हैं। रेडियोग्राफर सहित तकनीकी कर्मचारियों की कमी के चलते मरीजों को जांच करवाने के लिए पुराने मेडिकल कॉलेज जाना पड़ रहा है। जय सिंह ने मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से मांग की कि अस्पताल में जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरोल स्थित नए भवन में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा सकतीं, तो वहां विभागों को केवल औपचारिकता के तौर पर संचालित करने का कोई औचित्य नहीं है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें