राजकीय बहुतकनीकी बनीखेत में वीरवार को संस्थान का पहला वार्षिक समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्थान के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और वर्तमान में विद्युत बोर्ड में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत इंजीनियर राजेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। संस्थान के प्रधानाचार्य दीपक आंगरा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट पेश कर वर्षभर की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और आयोजनों की जानकारी दी। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। विशेष रूप से ‘विविधता में एकता’ की थीम पर आधारित प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, वेशभूषा, परंपराओं और रीति-रिवाजों को दर्शाया। इसके माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि भाषा, पहनावे और संस्कृति में अंतर होने के बावजूद भारत की एकता और अखंडता उसकी सबसे बड़ी पहचान है। दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। समारोह के दौरान संस्थान की ओर से मुख्य अतिथि इंजीनियर राजेश ठाकुर को सम्मानित किया गया। वहीं, वर्षभर पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और संस्थान की शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को साझा करने का अवसर दिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।