विद्यार्थी दूसरों की देखा-देखी या सामाजिक दबाव में अपना लक्ष्य निर्धारित न करें, बल्कि अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचानकर भविष्य की दिशा तय करें। लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, धैर्य और लगन जरूरी है। यह बात तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार में आयोजित कॉम्प्लेक्स स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में कही। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में असीम संभावनाएं होती हैं। जरूरत इस बात की है कि विद्यार्थी अपनी विशेषताओं को पहचानें और उसी के अनुरूप जीवन का लक्ष्य तय करें। लक्ष्य निर्धारित करने के बाद उसे हासिल करने के लिए जरूरी कौशल विकसित करना और लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने खरगोश और कछुए की कहानी का उदाहरण देते हुए कहा कि सफलता के लिए तेज दौड़ने से ज्यादा महत्वपूर्ण निरंतर प्रयास करना है। धैर्य और नियमित मेहनत से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा करवाने और किताबें पढ़ाने तक सीमित नहीं है। प्रत्येक विद्यार्थी की रुचि, प्रतिभा, क्षमता और कमजोरियों को समझकर उसे व्यक्तिगत मार्गदर्शन देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे की सीखने की क्षमता और जरूरतें अलग होती हैं। ऐसे में शिक्षकों को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण रणनीति अपनानी चाहिए। विद्यार्थियों को विषयों के महत्व और उनके व्यावहारिक उपयोग के बारे में बताकर पढ़ाई के प्रति प्रेरित करना चाहिए, ताकि वे अपनी क्षमता का बेहतर इस्तेमाल कर सकें। राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है। इसी कड़ी में डंगार स्कूल के अधूरे भवन का निर्माण कार्य पूरा करवाने के लिए शीघ्र 30 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे विद्यालय में सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी। समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला डंगार, राजकीय उच्च पाठशाला हरितल्यांगर और चोखणा, राजकीय माध्यमिक पाठशाला पट्टा और जोल तथा बाड़ी छजोली के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल गीत, पहाड़ी नृत्य, बिलासपुरी गिद्दा, पंजाबी बोलियां, शास्त्रीय नृत्य, संस्कृत गीतिका और लघु नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बेटी-बेटा एक समान और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक पहाड़ी नाटी के साथ हुआ। इससे पहले समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के साथ विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।