फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर: घुमारवीं कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू, धर्माणी बोले- शिक्षा का मकसद सिर्फ डिग्री देना नहीं

शिक्षा का समग्र विकास तभी संभव है, जब विज्ञान, कला, वाणिज्य, प्रौद्योगिकी और व्यावसायिक शिक्षा सहित ज्ञान की सभी विधाओं को एक-दूसरे से जोड़ा जाए। विद्यार्थियों को विषयों की जानकारी के साथ व्यावहारिक कौशल, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की समझ देना भी जरूरी है। यह बात तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर कही। 'फ्रंटियर्स ऑफ लर्निंग इंटीग्रेटिंग ऑल स्ट्रीम्स ऑफ नॉलेज' विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से शिक्षाविद, वैज्ञानिक और शोधकर्ता भाग ले रहे हैं। अमेरिका और ब्रिटेन सहित कई देशों के शिक्षाविद ऑनलाइन माध्यम से भी सम्मेलन से जुड़े हैं। इस दौरान मंत्री ने बुक ऑफ एब्स्ट्रैक्ट्स का विमोचन भी किया। धर्माणी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सूचनाओं का संग्रह करना या डिग्री हासिल करना नहीं होना चाहिए। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की क्षमताओं, चरित्र, आत्मविश्वास और विवेक का विकास होना चाहिए। एक चिकित्सक के पास चिकित्सा ज्ञान के साथ संवेदनशीलता और नैतिकता, इंजीनियर के पास तकनीकी दक्षता के साथ पर्यावरण और सामाजिक जरूरतों की समझ तथा उद्यमी के पास वित्तीय ज्ञान के साथ रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता भी होनी चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति में पहले से मौजूद क्षमताओं को बाहर लाने का माध्यम है। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि आईटीआई, पॉलीटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, फार्मेसी संस्थानों और विश्वविद्यालयों को अलग-अलग इकाइयों के रूप में काम करने के बजाय आपसी समन्वय से आगे बढ़ना चाहिए। इन संस्थानों को अपनी विशेषज्ञता, आधारभूत सुविधाओं और संकाय संसाधनों को साझा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आईटीआई के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों को अनुसंधान और उद्यमिता तथा विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को उद्योग आधारित व्यावहारिक कौशल हासिल करने के अवसर मिलने चाहिए। धर्माणी ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार 30 उत्कृष्ट आईटीआई विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट पर भेज चुकी है। इसके बाद इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को जापान भेजा गया। अब पॉलीटेक्निक और फार्मेसी के विद्यार्थियों के लिए भी ऐसे भ्रमण आयोजित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय भ्रमण से विद्यार्थियों को दूसरे देशों की कार्यप्रणाली, तकनीक और संस्कृति समझने का अवसर मिलता है। इससे उनमें वैश्विक दृष्टिकोण विकसित होता है। मंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, जैव प्रौद्योगिकी और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी तकनीकों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में भविष्य के कार्यबल को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ रचनात्मक और नई परिस्थितियों के अनुरूप ढलने में सक्षम बनाना होगा। इसके लिए अनुसंधान, नवाचार, उद्योगों के साथ साझेदारी और उद्यमिता को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में रटने की प्रवृत्ति के बजाय वैज्ञानिक सिद्धांतों के व्यावहारिक इस्तेमाल पर जोर दिया। कहा कि कक्षा में पढ़ाई के साथ क्षेत्र भ्रमण, व्यावहारिक प्रदर्शन और सामुदायिक परियोजनाओं को भी शिक्षा का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। धर्माणी ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सिविल इंजीनियरिंग, जल विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, कृषि प्रौद्योगिकी और ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं हैं। पहाड़ी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अवसरों और संसाधनों की कमी के कारण पीछे नहीं रहना चाहिए। इससे पहले कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रीतम लाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और सम्मेलन के आयोजन की जानकारी दी। सम्मेलन में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. सौमित्र, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद के डॉ. अनुज के. शर्मा, डीआरडीओ दिल्ली के वैज्ञानिक डॉ. महिपाल मीणा, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ. जितेंद्र और नारायण ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के डॉ. केके गिरी विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर सम्मेलन आयोजक डॉ. अतुल गुप्ता, पीटीए प्रधान शशि भूषण, कॉलेज के प्राध्यापक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें