बेरोजगार युवाओं को सरकारी एवं स्थायी रोजगार देने के चुनावी वादे पूरे न होने के आरोप लगाते हुए भाजपा ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने परिधि गृह से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बेरोजगार युवाओं के हित में जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई। रैली के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने राज्यपाल के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार और स्थायी सरकारी नौकरियां देने के कई वादे किए थे।