गोबिंद सागर जलाशय की लहरों पर 12 दिन तक साहस और अनुशासन का इम्तिहान देने के बाद करीब 70 एनसीसी कैडेट्स शुक्रवार को लुहणू घाट पहुंचे। चार राज्यों के कैडेट्स ने संकल्प सेलिंग एक्सपेडिशन-2026 के तहत जलाशय में करीब 330 किलोमीटर की दूरी तय की। लुहणू घाट पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ध्वजारोहण कर अभियान का समापन किया। इस दौरान अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया गया। अभियान में हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए। 12 दिन तक चले इस अभियान में कैडेट्स ने जलाशय में नौकायन के दौरान अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन किया। अभियान के दौरान कैडेट्स ने साहसिक गतिविधि के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया। संकल्प अभियान के दौरान कैडेट्स ने स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत, नारी शक्ति के सशक्तीकरण और स्वस्थ समाज का संदेश दिया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कैडेट्स के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल अनुशासन और प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर भी देता है। उन्होंने कैडेट्स से एनसीसी के दौरान सीखे अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी जरूरी है।