मॉडल टाउन के नेहरू पार्क में काफी संख्या में लावारिस गोवंश व पशु घुस गए। इससे पार्क में मौजूद बुजुर्गों सहित बच्चों, महिलाओं व अन्य लोगों में दहशत के चलते अफरा-तफरी मच गई। सभी खुद को सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इसका वीडियो बनाकर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल भी की। साथ ही नगर निगम से लावारिस गोवंश व पशुओं को पकड़ने की मांग की। नेहरू पार्क में आए वरिष्ठ नगरिकों ने कहा कि शहर में सड़कों व पार्कों में घूम रहे गोवंश व पशुओं का मामला नगर निगम अफसरों व जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में है, बावजूद इसके कार्रवाई नहीं हो रही। इस तरह सड़कों सहित सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ रहे लावारिस गोवंश व पशुओं की टक्कर व हमले से वाहन चालकों व पैदल राहगीरों को हादसे का डर है। ऐसे गोवंश व पशुओं द्वारा टक्कर व हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं, इसलिए इन्हें नगर निगम की ओर से पकड़कर गोशाला छोड़ा जाना चाहिए।