गांव गनौली में बिजली विभाग के काम के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन में करंट आने से एक निजी कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव इस्माईलपुर निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है। मामले में मृतक के पिता धर्मपाल की शिकायत पर छछरौली थाना पुलिस ने ठेकेदार समेत बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में धर्मपाल ने बताया कि उसका बेटा संजीव कुमार करीब 12 साल से छछरौली बिजली विभाग में निजी तौर पर काम कर रहा था। एक अक्तूबर को वह ठेकेदार राजबीर उर्फ निट्टू निवासी इस्माईलपुर और रोहताश निवासी पीरमाजरा के साथ गांव गनौली में बिजली विभाग के काम के लिए गया था। सुबह करीब 11 बजे काम पूरा करने के बाद ठेकेदार ने उन्हें खेतों में एक डेरे के पास दूसरे स्थान पर काम करने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार संजीव और रोहताश ने ठेकेदार से लाइन बंद करने का परमिट लेने के बारे में पूछा था। ठेकेदार ने परमिट लेने की बात कही। इसके बाद संजीव 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल पर चढ़कर काम करने लगा। कुछ ही देर बाद अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया। करंट लगने से संजीव के शरीर में जोरदार झटका लगा और वह पोल से नीचे गिर गया। साथी उसे पहले निजी अस्पताल और बाद में दूसरे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई और मामले को दबाने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार एक अक्तूबर की रात निजी अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया। धर्मपाल की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा नंबर 282 दर्ज कर धारा 106, 3(5) और 62(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।