यमुनानगर के शादीपुर गांव स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में शराब के दौरान हुए विवाद ने एक मजदूर की जान ले ली। घायल मजदूर ने चार दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सतीश कुमार के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में काम करता था। मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय महिलाएं फैक्ट्री के बाहर धरने पर बैठ गए और न्याय की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही सदर थाना यमुनानगर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों के अनुसार, सतीश की करीब तीन माह की 40-45 हजार रुपये की दिहाड़ी ठेकेदार मोहित के पास बकाया थी। रविवार को मोहित ने उसे पैसे देने के बहाने फैक्ट्री में बुलाया। इसी दौरान दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि इसी बीच सतीश के हाथ से शराब की बोतल गिरकर टूट गई, जिससे ठेकेदार भड़क गया और विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि ठेकेदार और उसके साथियों ने सतीश को डंडों, चाकू और टूटी बोतल से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे पहले सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार रात उसकी मौत हो गई। मृतक की मां मीना का आरोप है कि वारदात के बाद खुद ठेकेदार ने फोन कर बताया कि उसने सतीश को मार दिया है। जब वे फैक्ट्री पहुंचे तो सतीश खून से लथपथ पड़ा मिला। वहीं, पत्नी कोमल ने रोते हुए कहा कि उनकी शादी को महज 3-4 साल हुए थे और उनका तीन साल का बेटा है। सतीश ही परिवार का एकमात्र सहारा था। उसने कहा कि केवल गिरफ्तारी से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी ठेकेदार मोहित, निवासी ऊंचा गांव, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।