महात्मा गांधी जयंती पर शुक्रवार को गांव हल्लाहेड़ी में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने शहीद स्मारक परिसर में मियाजाकी आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि ग्राम सभा गांव के विकास से जुड़े विषयों पर सामूहिक विचार-विमर्श और ग्रामीणों की भागीदारी का महत्वपूर्ण मंच है। ग्रामीणों को गांव के विकास से संबंधित विषयों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। सभी के सामूहिक प्रयास से गांव को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। ग्रामीण अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उन्हें पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करें। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, प्रदीप बड़वासनी, राकेश सिंह रांगी, चांद सिंह रांगी, देवेंद्र रांगी, राज सिंह, अनूप सिंह, विशाल, महिपाल सिंह रांगी भी मौजूद रहे।