शहर का माहौल शनिवार को एक अनोखी सकारात्मकता से सराबोर रहा। सामाजिक सरोकार की दिशा में अनूठी पहल करते हुए अमर उजाला ने एक वॉकथॉन का आयोजन किया। दिवान चेरिटेबल ट्रस्ट, सरस्वती शिक्षा संस्थान स्कूल, महादेव बजाज, पारस सीए, रिद्धी-सिद्धी प्रमोटर्स, कबीर औषधालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के साथ-साथ साइबर क्राइम से बचने के लिए जागरूक करना रहा। इस वॉकथॉन में शहर के कई प्रमुख स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। *2 किलोमीटर तक बना रहा वॉकथॉन से माहौल* अग्रसेन चौक से शुरू हुई वॉकथाॅन को सुबह साढ़े 9 बजे ट्रैफिक एसएचओ सिटी नॉर्थ देशराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें शामिल जेपी जैन सीनियर सेकंडरी स्कूल, मामचंद पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिक्षा संस्थान सीनियर सेकंडरी स्कूल, शंभू दयाल सीनियर सेकंडरी स्कूल, छोटूराम कॉलेज और अन्य संस्थाओं के विद्यार्थी हाथों में बैनर लिए नारे लगाते हुए चल रहे थे। विद्यार्थियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा और साइबर सिक्योरिटी के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। दो किलोमीटर चलने के बाद मुरथल रोड स्थित सरस्वती शिक्षा संस्थान सीनियर सेकंडरी स्कूल (एस-7) के प्रांगण में पहुंचकर जागरूकता रैली विश्राम की ओर बढ़ गई। रिफ्रेशमेंट के बाद के सत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ अतिथि वक्ताओं ने अपने-अपने अंदाज में विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों के लिए जागरूक किया। साइबर क्राइम के तरीकों और इनसे बचे रहने के तरीके बताए गए।