रोहतक। प्रेम नगर की हैफेड रोड वाली गली तालमेल की कमी का शिकार हो गई है। नगर निगम कहता है पहले सीवर लाइन डलेगी, जन स्वास्थ्य विभाग कहता है सड़क बन जाए, तब सीवर का काम होगा। इसी खींचतान में एक साल से गली का काम अधूरा पड़ा है। हालात ये हैं कि गली में जगह-जगह गड्ढे हैं और सीवर का पानी सड़क पर फैल जाता है। यहां से कई कॉलोनियों के लोग गुजरते हैं। सड़क निर्माण शुरू होता है तो सीवर लाइन अड़चन बन जाती है। कॉलोनीवासी बदन सिंह तोमर, राजवीर सिवाच और सुरेंद्र पवार का कहना है कि शिकायतों के बाद अधिकारी आते हैं, आश्वासन देते हैं और चले जाते हैं। बच्चों को स्कूल ले जाने में भी दिक्कत होती है। जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मुकेश कुमार का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा कर दिया गया है, गली में कनेक्शन का कार्य शेष है। दो दिन में कार्य पूरा कर दिया जाएगा।