रोहतक। अमर उजाला की ओर से मंगलवार को आंबेडकर चौक स्थित महिला थाना में दोस्त पुलिस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी रोड की छात्राओं ने थाना का भ्रमण कर कार्यप्रणाली को जाना।महिला थाना प्रभारी मीना रानी ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा अधिनियम और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपराध को छुपाना भी अपराध है । ऐसे में पीड़ितों को तुरंत शिकायत करनी चाहिए। पीएसआई भारती ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 1090 के बारे में बताया। कांस्टेबल अनीता ने गुड टच-बैड टच और कांस्टेबल प्रियंका ने यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान हेड कांस्टेबल सविता, शिक्षिका संतोष जांगड़ा व मनेश गुलिया मौजूद रहे।