अमर उजाला व ऑल इंडिया मेडिकल लेबोरेट्री टेक्नोलॉजिस्ट्स एसोसिएशन की ओर से रविवार को सैनी धर्मशाला गोकर्ण रोड में रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। यहां 55 लोगों ने रक्तदान किया। चिकित्सकों ने 58 लोगों के नेत्र जांचे व 55 ने नेत्रदान के आवेदन किए। ट्रांसप्लानेशन कोर्डिनेटर दिप्ती ने 24 लोगों को ऑर्गन डोनेशन के लिए पंजीकरण किया। शिविर के मुख्य अतिथि बाबा लक्ष्मणपुरी डेरे के संचालक महामंडलेश्वर कपिलपुरी ने युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। महामंडलेश्वर ने कहा कि रक्त की आपूर्ति मानव शरीर से ही संभव है। रक्तदाता के रक्तदान से मिलने वाला रक्त आपात स्थिति में मरीज का जीवन बचा सकता है। इसलिए युवाओं को आगे बढ़ कर रक्तदान करना चाहिए। दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश कुमार, शिविर के आयोजक राजकुमार सैनी ने कहा कि शिविर में नेत्र व दांतों की जांच भी की गई। इसका लोगों ने पूरा लाभ उठाया। लाेगों को नेत्रदान व अंगदान के बारे में भी अवगत कराया। इसके चलते नेत्रदान के आवेदन व अंग दान के लिए पंजीकरण भी कराया। पिता-पुत्र ने साथ किया रक्तदान शिविर में राजकुमार सैनी ने सौवीं बार व उनके बेटे निखिल सैनी ने अपने जन्मदिन पर दसवीं बार रक्तदान किया। रविवार को शिविर में दाेनों ने रक्तदान किया। शिविर में पीजीआई ब्लड बैंक, डेंट, नेत्र विभाग के चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की। शिविर में हरीश कुमार चौहान, जेपी सिंह, राजपाल यादव, रवि शौकत, अशोक कुमार, बुद्धि राजा समेत अनेक लोगों का सहयोग रहा।