पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि चौधरी छोटूराम का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। नई पीढ़ी को उनके विचारों, संघर्ष और दूरदर्शी सोच से सीखना चाहिए। वे वीरवार को एमडीयू में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चौधरी छोटूराम ने कठिन परिस्थितियों में शिक्षा हासिल की और गरीब किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। किसानों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें अपने हक के लिए आवाज उठाना सिखाया। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मंडी एक्ट बनवाने और भाखड़ा बांध के निर्माण में छोटूराम की अहम भूमिका रही। वे चाहते थे कि किसान परिवारों के बच्चे शिक्षा हासिल कर खेती के साथ नौकरी व अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग छोटूराम के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि एक समय ऐसे लोग उनका विरोध करते थे। कार्यक्रम के लिए उन्होंने एबीवीपी का धन्यवाद किया।