फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरसाती जल निकासी के लिए वाटर स्टोरेज टैंक का विधायक ने किया शिलान्यास

महेंद्रगढ़। शहर को बरसाती पानी के जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से शहर में दो नए वाटर स्टोरेज टैंक का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। विधायक कंवर सिंह यादव ने खेल स्टेडियम के नजदीक 12 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वाटर स्टोरेज टैंक का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने से बरसात के मौसम में पुराने नारनौल रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या से आमजन को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि महेंद्रगढ़ शहर में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। विशेष रूप से पुराने नारनौल रोड पर बरसाती पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वाटर स्टोरेज टैंक का निर्माण करवाया जा रहा है। इस टैंक में बरसात के दौरान एकत्रित होने वाले पानी को मशीनों की सहायता से दोहन नदी में भेजा जाएगा। इससे बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी और सड़क पर पानी जमा होने की समस्या में कमी आएगी। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता अमित जैन ने बताया कि करीब सात करोड़ रुपये की लागत से डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक के पास खाली जमीन और तरणताल के नजदीक डिस्पोजल टैंक बनाए जाएंगे। इसके अलावा पानी को शहर से बाहर ले जाने के लिए करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाई जाएगी। तरणताल से श्रीगोशाला धोलपोश आश्रम तक 2430 मीटर लंबी 400 एमएम पाइपलाइन डाली जाएगी। वहीं, डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक से बुचौली रोड तक 1600 मीटर लंबी 600 एमएम पाइपलाइन बिछाई जाएगी। वाटर स्टोरेज टैंक बनने के बाद आमजन को जलभराव से निजात मिल जाएगी। दिसंबर माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि मोहल्ला महायचान, वाल्मीकि, बालाजी चौक, सिनेमा रोड, एसडीएम आवास, आईटीआई रोड, पुराना नारनौल रोड, कैंची मोड, मोहल्ला सैनीपुरा में बारिश के दौरान जलभराव हो गया था। टैंक बनने के बाद बारिश का गंदा पानी टैंक में छाेड़ा जाएगा। इस मौके पर नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी, नपा उप प्रधान मंजू शर्मा, एसडीओ जियाराम, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र, नगर पालिका पार्षद राजेश, पार्षद सोनू, कृष्ण ठेकेदार, मुकेश पार्षद, कैलाश सैनी सहित अधिकारी, कर्मचारी व शहरवासी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें