एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम धर्मनगरी में देश की संस्कृति का महाकुंभ दिखाई देने लगा है। इसमें 20 राज्यों और चार केंद्र शासित राज्यों से 283 युवतियां व 317 युवक सहित 600 युवा अपने-अपने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को दिखाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल मंत्री गौरव गौतम सुबह 11 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय सभागार में करेंगे। कार्यक्रम की शुरूआत में कुवि ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में लेह लद्दाख के कलाकारों ने अपनी कला एवं संस्कृति का जलवा बिखेरा। कार्यक्रम में 25 जुलाई तक सुबह से लेकर सायं तक विचार गोष्ठियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, ज्ञानवर्धक व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इन विद्यार्थियों के लिए ठहरने, यातायात, खाने-पीने की व्यवस्था के साथ-साथ, एसी बसों का प्रबंध किया गया है। इन विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन भी करवाएं जाएंंगे। 25 जुलाई को समापन समारोह पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचेेंगे। कार्यक्रम में केडीबी प्रशासन के माध्यम से प्रदर्शनी भी लगाई गई है।