फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुरुक्षेत्र: बासमती धान के भाव में उछाल से किसानों की बल्ले-बल्ले, इस बार 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक मिलने की उम्मीद

कुरुक्षेत्र। इस बार बासमती धान की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। बाजार में बासमती धान के भाव में तेजी की उम्मीद जताई जा रही है। कारोबारियों के मुताबिक अनुकूल बाजार परिस्थितियों को देखते हुए इस बार किसानों को बासमती धान का भाव आठ हजार रुपये प्रति क्विंटल तक मिलने की संभावना है। पिछले साल बासमती धान का भाव करीब पांच हजार रुपये प्रति क्विंटल तक रहा था। ऐसे में इस बार बेहतर भाव मिलने की उम्मीद से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। बारीक किस्म की 1121 का भाव भी पिछले साल के मुकाबले करीब 600 रुपये प्रति क्विंटल तक अधिक बताया जा रहा है। किसानों का कहना है कि इस बार धान की कीमतों में सुधार से उन्हें फसल का अच्छा मुनाफा मिलने की उम्मीद है। हालांकि वास्तविक भाव फसल की गुणवत्ता, नमी और बाजार में मांग के आधार पर तय होंगे। बासमती धान की 1121 किस्म की बाजार में अच्छी मांग रहती है। पिछले साल के मुकाबले इस बार इस किस्म के भाव में करीब 600 रुपये प्रति क्विंटल तक का अंतर देखने को मिल रहा है। आढ़तियों के अनुसार बासमती की गुणवत्ता और बाजार की मांग के आधार पर भाव में और बदलाव हो सकता है। किसानों को उम्मीद है कि यदि बाजार में मांग बनी रहती है तो उन्हें फसल का बेहतर मूल्य मिलेगा। पीआर किस्म के धान की कटाई लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। अब तक करीब 95 फीसदी धान की कटाई हो चुकी है। वहीं, अधिकतर धान का उठान भी हो चुका है। मंडियों में पीआर धान की आवक में अब धीरे-धीरे कमी आने लगी है। किसानों का ध्यान अब बासमती धान के भाव पर टिका हुआ है। धान कारोबारी सुबेग सिंह का कहना है कि बासमती धान की मांग और बाजार के रुझान के साथ कम रकबे को देखते हुए इस बार अच्छे भाव मिलने की संभावना है। पिछले साल करीब 5500 से 5800 रुपये तक रहा था, जो अब आठ हजार रुपये तक जा सकता है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग, निर्यात और चावल मिलों की खरीद का असर भी धान की कीमतों पर पड़ेगा। थानेसर अनाजमंडी में धान लेकर आए गांव बोड़शाम के किसान दलेर सिंह का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, डीजल, कीटनाशक और मजदूरी पर पहले के मुकाबले अधिक खर्च करना पड़ रहा है। ऐसे में यदि बासमती धान का भाव आठ हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचता है तो किसानों को अच्छी आमदनी हो सकती है। किसानों को अब बाजार में तेजी बरकरार रहने का इंतजार है। जिले के खरीद केंद्रों व मंडियों में पीआर धान की खरीद का कार्य खाद्य आपूर्ति एवं हैफेड एजेंसी द्वारा निरंतर किया जा रहा है। इन दोनों एजेंसियों ने अब तक आठ लाख 61 हजार 59 मीट्रिक टन धान की खरीद किया है। अब तक खरीदी गई धान में से 96 फीसदी आठ लाख 24 हजार 378 मीट्रिक टन धान का उठान कार्य पूरा हो चुका है। अब तक 99 फीसदी 2003 करोड़, 70 लाख, 68 हजार 534 रुपये से अधिक की राशि का किसानों को भुगतान किया जा चुका है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें