कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के बी फार्मेसी विभाग के विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में री-अपीयर दिए जाने के विरोध में शुक्रवार को फिर धरना दिया। विद्यार्थियों ने पहले विभाग में ताला लगाया और इसके बाद मार्च करते हुए परीक्षा भवन पहुंचे। यहां परीक्षा भवन में ताला लगाकर धरना दिया और परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ नारेबाजी की। विद्यार्थियों का कहना है कि चौथे सेमेस्टर के जारी परिणाम में करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थियों को री-अपीयर दिया गया है। इससे पहले दूसरे सेमेस्टर के परिणाम में भी करीब 70 प्रतिशत विद्यार्थियों को फेल कर री-अपीयर दिया गया था। उस समय विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय के सामने धरना देकर परिणाम पर सवाल उठाए थे। विद्यार्थियों ने लगातार दो सेमेस्टर के परिणाम में बड़ी संख्या में री-अपीयर आने पर नाराजगी जताई और परीक्षा परिणाम को लेकर अपनी मांगें उठाईं।