बीजना गांव निवासी जितेंद्र की सीआईए-2 की हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस टीम उसे शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे घर से पूछताछ के लिए लेकर गई थी। पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के बाद छोड़ने की बात कही थी, लेकिन बाद में उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। युवक की मौत के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और अपनी मांगें रखीं। उन्होंने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने और मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। परिजनों का कहना है कि जितेंद्र को घर से ले जाने के बाद उसके साथ क्या हुआ, इसकी पूरी जानकारी सामने आनी चाहिए। सूचना मिलने पर डीएसपी गोरखपाल राणा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। डीएसपी ने परिजनों को बताया कि हिरासत में मौत के मामले में इलाका मजिस्ट्रेट की निगरानी में कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। परिजनों के बयान दर्ज होंगे और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी।