फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अग्रबंधु चौक, महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा और अग्रवाटिका का अनावरण, ‘एक ईंट, एक रुपया’ का संदेश

करनाल। अग्रवाल सभा सेक्टर-7 की ओर से रविवार को सेक्टर-7 और सेक्टर-8 के मध्य नवनिर्मित अग्रबंधु चौक (एक रुपया, एक ईंट), महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा और अग्रवाटिका का अनावरण किया गया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, मेयर रेणु बाला गुप्ता और भाजपा के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बृज गुप्ता ने संयुक्त रूप से इनका अनावरण किया। इस पहल के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक समानता, आपसी सहयोग और समाज में एकता की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। इससे पहले महाराजा अग्रसेन भवन सेक्टर-8 में अग्रवाल सभा सेक्टर-7 की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों में सामाजिक समानता, परस्पर सहयोग और जनकल्याण का संदेश समाहित है। उनकी विचारधारा समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। युवा पीढ़ी को उनके जीवन, विचारों और सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने अग्रवाल सभा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महापुरुषों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के विचार आज भी समाज को समानता, सहयोग, सामाजिक समरसता और जनकल्याण का मार्ग दिखाते हैं। उनका ‘एक ईंट और एक रुपया’ का सिद्धांत सामूहिक सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता की भावना का प्रतीक है। इन आदर्शों को अपनाकर ही सशक्त और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने अग्रवाल समाज को महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अग्रवाल समाज ने व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सेवा, जरूरतमंदों की सहायता तथा जनकल्याण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महाराजा अग्रसेन ने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और सहयोग देने की जो परंपरा स्थापित की, वह आज भी प्रासंगिक है। समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब हर व्यक्ति एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बने और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़े। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक महाराजा अग्रसेन के समाजवाद के सिद्धांतों के अनुरूप जनसेवा के लिए कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, विधायक योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, अग्रवाल सभा सेक्टर-7 के प्रधान नीरज अग्रवाल, पूर्व प्रधान हरीश अग्रवाल, महासचिव अमित गर्ग, प्रबंधक योगेश गोयल, कोषाध्यक्ष विकास गुप्ता और प्रकल्प प्रमुख नवीन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। बारिश ने बिगाड़ा कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाल सभा की ओर से सेक्टर-7 और सेक्टर-8 के मध्य नवनिर्मित चौक पर अनावरण समारोह आयोजित किया जाना था, लेकिन तेज बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए टेंट में पानी भर गया। इसके चलते कार्यक्रम स्थल में बदलाव करना पड़ा और सम्मान समारोह महाराजा अग्रसेन भवन सेक्टर-8 में आयोजित किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें