फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कष्ट निवारण समिति की बैठक में 13 शिकायतों पर सुनवाई, 10 का मौके पर निपटारा

करनाल, 27 नवंबर। आज यहां पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के एजेंडे में तीन पुरानी और दस नई शिकायतों शामिल थीं जिनमें से दस का निपटारा कर दिया गया। दो पुरानी और एक नई शिकायत लंबित रखी गई है। बैठक में सेक्टर सात वासी विजय कुमार की प्लाट में बनाई गई सडक़ को हटवाने और गांव बसताड़ा के अंकित की निर्माण सामग्री व लेबर की भुगतान संबंधी पुरानी शिकायत को अभी लंबित रखा गया है जबकि झिंवरहेड़ी के सुशील कुमार की शिकायत को ड्राप कर दिया गया। दस नई शिकायतों में पहली बड़ौता के बजिंद्र व गांव के अन्य निवासियों की थी जिसमें बड़ौता-खेड़ी नरू रोड पर 11 हजार वोट की तारों को रिहायसी मकानों से हटवाने संबंधी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि समस्या का समाधान हो गया है। दूसरी शिकायत में गांव जुंडला के बालाजी कॉलोनी वासियों ने नया ट्रांसफार्मर लगवाने की गुहार लगाई थी ताकि कम बिजली आपूर्ति की समस्या दूर हो सके। इस पर अधीक्षक अभियंता ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। मंत्री ने कालोनी की ढीली अथवा नीची तारों की भी जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में तीसरी शिकायत ईंटों का बकाया भुगतान संबंधी थी। शिकायतकर्ता जसप्रीत ने बताया कि बकाया राशि प्राप्त हो गई है। कृषि मंत्री ने गांव गगसीना वासी रणपाल सिंह की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता को मुनक-गगसीना रोड पर जंगली घास व झाडिय़ों को साफ कराने के निर्देश दिए। गांव शेखुपरा निवासी सुमेरचंद की खेत में भरे दूषित पानी को निकलवाने और नाले की पटरी को मजबूत कराने संबंधी शिकायत पर सिंचाई विभाग के अधिकारी ने बताया कि पानी की निकासी कर दी गई है। मंत्री ने पटरी को मजबूत करने के निर्देश अधिकारी को दिए। इसके अलावा बीडीपीओ को भी निर्देश दिए कि नगला फार्म गांव की नालियों से आने वाले दूषित पानी को रोकने के लिए उचित कदम उठाएं। छठी शिकायत जयसिंहपुरा के दीपक की थी जिसमें उन्होंने अंतरजातीय विवाह करने पर कल्याण विभाग द्वारा योजना का लाभ न देने बात कही है। जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पोर्टल पर ऑनलाईन आवदेन नहीं किया। इस पर मंत्री ने दीपक से कहा कि वे मांगें गए सभी दस्तावेज अधिकारी को उपलब्ध करा दें। सातवीं शिकायत घोघड़ीपुर के जवाहर सिंह की थी जिसमें कहा गया है कि वर्ष 2019-20 में कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिए पंचायत को उपलब्ध कराए गए चार कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए थे। इन पर गांव का एक व्यक्ति कुंडली जमाए बैठा है जिसके कारण इन यंत्रों का दूसरे किसान उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। इस पर विभाग के उप निदेशक ने बताया कि इनकी मियाद 5 साल की थी जो पूरी हो चुकी है। इस पर मंत्री ने कहा कि कंडम हो चुके हैं यंत्रों की नीलामी कराएं। ठीक हैं तो पंचायत को सौंपे जाएं। उपायुक्त ने बताया कि दो यंत्र कंडम हो चुके हैं। बाकी दो ठीक यंत्रों को अन्य किसानों को उपलब्ध कराने के लिए एसडीएम की ड्यूटी लगा दी जाएगी। संगोहा के तोताराम व अन्य की शिकायत पर बीडीपीओ ने बताया कि चौपाल से कब्जा हटवा दिया गया है। मंत्री ने चौपाल की चारदीवारी व मरम्मत के लिए भी उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। नौवीं शिकायत गांव तखाना की श्रीमती गिन्नी की थी जिसमें पोती की मृत्यु के बाद 2 लाख 40 हजार की एफडी की राशि दिलाने की गुहार लगाई गई। इस पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने बताया कि मृतका के पति कानूनी उत्तराधिकारी होने के कारण उन्हें भुगतान कर दिया गया है। इस पर मंत्री ने श्रीमती गिन्ना को यथासंभव मदद का भरोसा दिलाया। असंध के वार्ड 14 वासी सिमरणजीत कौर की शिकायत लंबित रख ली गई। उन्होंने ससुराल पक्ष पर निजी फायदे के लिए घरौंडा पालिका से पति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके पति का मृत्यु प्रमाण पत्र डेराबसी से बनवाया था जिसे जला दिया गया। मंत्री ने सीटीएम को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, मेयर रेणुबाला गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि कविन्द्र राणा, उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, एसपी करण गोयल, निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, समिति के गैर सरकारी सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें