जींद। जिला परिवेदना समिति की शुक्रवार को डीआरडीए हॉल में हुई बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली और विभागों के बीच तालमेल की कमी पर मंत्री गौरव गौतम ने नाराजगी जताई। मंत्री ने 15 शिकायत सुनीं, जिनमें नौ का निपटारा हो गया। बायोएनर्जी कंपनी पर 113 कनाल 12 मरले जमीन पर कब्जा करने के आरोप की शिकायत पर सुनवाई के दौरान मंत्री ने डीएसपी, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और लेबर इंस्पेक्टर को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में शिकायतकर्ता दोबारा पहुंचा तो तीनों विभागों के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। कंपनी के खिलाफ कार्रवाई कर मामले का समाधान किया जाए। गुरुग्राम के दौलताबाद निवासी रणधीर सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि जींद बायोएनर्जी कंपनी ने उनकी 113 कनाल 12 मरले जमीन पर चार साल से कब्जा कर रखा है। वह जमीन खाली करवाने के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा। सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से बताया गया कि कंपनी के मालिक विदेश में रहते हैं और मैनेजर भी नया आया है, इसलिए अभी मामले का समाधान नहीं हो पाया। इस जवाब पर मंत्री नाराज हो गए। वहीं दुड़ाना गांव के जमीनी विवाद मामला नहीं सुलझने पर मंत्री ने दोनों पक्षों को कोर्ट जाने के लिए कहा। इसके अलावा डीपीएस स्कूल में डीपीई सज्जन को नौकरी से हटाने पर उन्होंने दोबारा ज्वायनिंग करने की मांग की। इस पर स्कूल प्रबंधन ने अनुशासनहीनता के आरोप में हटाने का हवाला दिया। इस पर मंत्री ने स्कूल प्रबंधन से दोबारा भर्ती निकालने के निर्देश दिए और सज्जन को दोबारा साक्षात्कार करने बारे कहा।