राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को प्राचार्य नरेश कुमार की अध्यक्षता में एक रोजगार मेले का आयोजन हुआ। इस कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से ऑटोमोबाइल कंपनी याजाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, फरुखनगर (गुरुग्राम) ने संस्थान के प्रतिभावान युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए। इस रोजगार मेले में भाग लेने के लिए आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों के कुल 52 छात्रों ने अपना पंजीकरण करवाया था। कंपनी की चयन प्रक्रिया अत्यंत पेशेवर और पारदर्शी रही, जिसमें सबसे पहले छात्रों का लिखित तकनीकी परीक्षण लिया गया। इसके उपरांत, सफल उम्मीदवारों को साक्षात्कार के दौर से गुजरना पड़ा। कंपनी के प्रतिनिधियों ने न केवल छात्रों के तकनीकी ज्ञान, बल्कि उनकी व्यवहार कुशलता, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण का भी गहन मूल्यांकन किया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 47 छात्रों को अंतिम रूप से चयनित किया गया। कंपनी द्वारा इन चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रशिक्षण अवधि के दौरान कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। कंपनी प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को भविष्य में आकर्षक वेतन वृद्धि और पदोन्नति के साथ स्थाई करियर के बेहतरीन विकल्प मिलेंगे। प्राचार्य नरेश कुमार ने कहा कि आईटीआई का लक्ष्य केवल प्रमाण पत्र देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से सीधे उद्योगों से जुड़ना विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है। कंपनी की भर्ती टीम ने भी संस्थान के अनुशासन और छात्रों के तकनीकी स्तर की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सहयोग को जारी रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्लेसमेंट शाखा के सोनू राम, ललित खटकड़ और मनदीप राज मौजूद रहे।