फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झज्जर: एक माह पहले बनी गली सीवरेज सफाई के नाम पर उखाड़ी, लोगों ने रुकवाया काम

झज्जर। आर्य नगर में शनिवार सुबह सीवरेज सफाई के दौरान गली उखाड़ने को लेकर स्थानीय निवासी भड़क गए और उन्होंने काम रुकवा दिया। सूचना पाकर स्थानीय पार्षदा मौके पर पहुंची, लेकिन लोग नहीं माने और काम नहीं दिया। लोगों का आरोप था कि एक माह पहले बनी सड़क को सीवरेज सफाई के नाम पर उखाड़ दिया गया। यह काम गली बनने से पहले किया जाना चाहिए था। इसके अलावा लोगों ने गली निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि वह अपनी शिकायत डीसी के समक्ष भी रखेंगे। जानकारी के अनुसार आर्य नगर में लगभग एक माह पहले नई सीसी गली का निर्माण किया गया था। आर्य नगर में पिछले काफी समय से सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है, जिसकी शिकायत नगर पार्षद भागवंती देवी ने विभाग से की हुई थी। गली निर्माण से पहले विभाग ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। अब गली निर्माण पूरा होने के बाद शनिवार को कर्मचारी सीवरेज की सफाई के लिए पहुंचे तो उन्होंने कुछ हिस्से में गली को उखाड़ दिया। यह देखकर गली के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने काम को बंद करवा दिया। इसकी सूचना पार्षद को दी गई। सूचना पाकर पार्षद भागवंती देवी भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने लोगों को समझाया कि सीवरेज की सफाई जरूरी है, लेकिन कुछ लोग नहीं माने और उन्होंने कहा कि एक माह पहली गली बनी है और उसे ही उखाड़ दिया गया। लोगों ने गली की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए और कहा कि गली का ऊपरी मेटीरियल अभी से उखड़ने लगा है। स्थानीय निवासी नरेश, अजीत, सुदेश, राममूर्ति, उर्मिला, सुमित्रा, सुनीता, सतीश कुमार, बिमला, रामकला, नेहा देवी व अन्य ने बताया कि मुख्य सड़क बना दी गई है, लेकिन ब्रांच गलियां अब भी नीची है। इस कारण सारा गंदा पानी उन गलियों में जमा रहता है। आर्य नगर में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या है। घरों के बाहर सीवरेज का गंदा पानी जमा रहता है। इस कारण निकलना दूभर हो चुका है। एक माह पहले बनाई गली तो अब उखाड़ दिया गया है, जो पूरी तरह से गलत है। यह काम पहले किया जाना चाहिए था। नगर पार्षद भागवंती देवी ने डीसी से फोन पर बात की और अपनी समस्या रखी। डीसी ने लिखित में शिकायत देने की बात कही। नगर पार्षद भागवंती देवी ने कहा कि नगर परिषद ने मुख्य गली बना दी, लेकिन ब्रांच गलियां नहीं बनाई। इस कारण सीवरेज का गंदा पानी घरों के बाहर जमा हो जाता है। पूरे आर्य नगर में सीवरेज की समस्या है। इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा। सीवरेज की शिकायत कई माह पहले दी थी। अब गली निर्माण के बाद कर्मचारियों को काम करने के लिए भेजा गया। उन्होंने सड़क उखाड़ने की बात कही थी तो उन्होंने उखाड़ने के लिए कह दिया, क्योंकि सड़क दोबारा ठीक हो जाएगी। उन्होंने गली निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह इसकी शिकायत एडीसी, ईओ और चेयरमैन से कर चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। ठेकेदार की पेमेंट नहीं होने दी जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें