बादली सेवा संकल्प अभियान के तहत लोकहित समिति द्वारा गांव गुभाना में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर गांव के मेन बस स्टैंड स्थित बालाजी मंदिर में लगाया गया। आयोजक नरेश कौशिक और मंदिर कमेटी प्रधान सतीश कुमार ने बताया कि शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कुल 41 लोगों ने रक्तदान कर पुण्य कमाया और 41 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए रक्तदान महादान है। युवाओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।