झज्जर। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक गीता भुक्कल के आवास पर कांग्रेस सेवादल जिला झज्जर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान विधायक गीता भुक्कल ने मदनलाल भाट को जिला सचिव का नियुक्ति पत्र सौंपा और जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने सेवादल की टोपी पहनाई। इस अवसर पर विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि आज हरियाणा के हालात बहुत ही दयनीय हो गए हैं। मंडियों में किसान परेशान हैं। स्कूली शिक्षा का ढांचा चरमरा रहा है। कांग्रेस से आमजन के विकास की बातें मुखर होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सजग कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं। बैठक में पिछले कार्यों की समीक्षा की गई, जिसमें 12 अक्तूबर को आयोजित 'वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' महाप्रदर्शन और अन्य गतिविधियों पर चर्चा हुई। इसके अलावा भविष्य की रणनीति एवं कांग्रेस सेवादल की कार्यशाला आयोजित करने पर भी मंथन किया गया। साथ ही एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली गठबंधन की महारैली की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।जिला अध्यक्ष रमेश जाखड़ ने आश्वासन दिलाया कि पार्टी की हर गतिविधि को सफल बनाने में सहायक रहेगा। उपाध्यक्ष कैप्टन सतबीर बड़क ने पार्टी में अनुशासन पर जोर दिया तो राजबीर दहिया ने कार्यशालाएं आयोजित करवाने बारे कहा। बैठक के सामूहिक फैसला किया गया कि सेवादल आमजन के मध्य कांग्रेस की विचारधारा के प्रचार-प्रसार में तेजी लाने का काम करते हुए राहुल गांधी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएगा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, मुख्य सलाहकार राजबीर दहिया, महासचिव सूबेदार रमेश फौगाट, सचिव मदनलाल भाट, कोषाध्यक्ष बिजेंद्र कुमार उपस्थित रहे।