फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मास्टर जी ने बदला पटाखों का अंदाज, अब धमाके नहीं धरती से खिलेंगे फूल

बहादुरगढ़। दिवाली पर पटाखे जलाने और उनसे निकलने वाले धुएं से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बीच एक शिक्षक ने त्योहार मनाने का अनूठा तरीका सुझाया है। बहादुरगढ़ के गांव सांखोल निवासी भूगोल अध्यापक एवं पर्यावरणविद मनीष चाहर की पहल पर सोनीपत के गांव नाहरा स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने ऐसे पटाखे तैयार किए हैं, जो फूटने के बाद धुआं नहीं फैलाएंगे, बल्कि धरती पर फूल खिलाएंगे। इन पटाखों में बारूद की जगह मिट्टी और फूलों के बीजों का इस्तेमाल किया गया है। विद्यार्थियों ने मिट्टी, कागज और गत्ते की मदद से पटाखों जैसी आकर्षक आकृतियां तैयार की हैं। इनमें फूलों के बीज भी डाले गए हैं। इन पटाखों को दिवाली के बाद जमीन में दबाकर पानी दिया जाएगा। कुछ समय बाद इनमें से बीज अंकुरित होंगे और पौधे बनकर सुंदर फूल खिलाएंगे। इस तरह बच्चों के बनाए ये पटाखे वातावरण में धुआं और शोर फैलाने के बजाय हरियाली बढ़ाने में योगदान देंगे। इस अनूठी पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया है कि दिवाली की खुशियां प्रकृति को नुकसान पहुंचाए बिना भी मनाई जा सकती हैं। मनीष चाहर न केवल अध्यापक हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी लगातार प्रयासरत हैं। वे गांव सांखोल की संघर्षशील जनकल्याण सेवा समिति के सदस्य हैं और पौधारोपण, जल संरक्षण तथा डेंगू व मलेरिया के प्रति जागरूकता फैलाने जैसे सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभा रहे हैं। उनका प्रयास है कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का व्यावहारिक पाठ भी पढ़ाया जाए। विद्यालय के प्राचार्य भूप सिंह के मार्गदर्शन में भूगोल शिक्षक मनीष कुमार एवं शिक्षक संदीप ने इस अभियान का आयोजन करवाया। क्लीन एंड ग्रीन ट्रस्ट से जुड़े डॉ. अनिल जैन, समाजसेवी राजकुमार अरोड़ा व सेक्टर छह निवासी सेवानिवृत्त एसडीओ एवं पर्यावरणविद जयपाल सांगवान का कहना है कि मास्टर मनीष की इस पहल से विद्यार्थियों को रचनात्मकता के साथ प्रकृति संरक्षण की सीख भी मिली है। मनीष चाहर का यह प्रयास समाज को एक सकारात्मक संदेश देता है कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के जीवन और प्रकृति में खुशियां बिखेरने में है। इस दिवाली पटाखे जलाने के बजाय ऐसे पटाखे अपनाएं, जिनसे धरती पर फूल खिलें और वातावरण खुशबू से महक उठे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें