नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशभर में जारी सफाई कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल शुक्रवार को 30वें दिन भी जारी रही। नगर परिषद बहादुरगढ़ में हड़ताल पर बैठे कच्चे पे-रोल सफाई कर्मचारियों को अब ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों का भी समर्थन मिला। ठेका कर्मचारियों के सैकड़ों कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 13 मई 2026 के सफाई कर्मचारी एवं अग्निशमन विभाग से हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करना, एचकेआरएन को भंग करना तथा 17 मांगों पर बनी सहमति का आधिकारिक पत्र जारी करना शामिल है। कर्मचारियों का आरोप है कि 6 अगस्त से हड़ताल जारी होने के बावजूद सरकार की ओर से मांगों को लेकर कोई पत्र जारी नहीं किया गया और न ही यूनियन को बातचीत के लिए बुलाया गया। इसी के चलते हड़ताल को कई चरणों में लगातार बढ़ाया गया। बहादुरगढ़ इकाई की हड़ताल की अध्यक्षता प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। इस दौरान जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड़ सहित पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। ठेका कर्मचारियों के शामिल होने से आंदोलन को और मजबूती मिली।