झज्जर। शहर में बिकने के लिए आया 200 किलोग्राम पनीर वीरवार देर रात पुलिस ने पकड़ लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में दो सैंपल भी लिए और उसके बाद मिलावटी पनीर को गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया। मौके से गाड़ी चालक फरार हो गया जबकि पकड़ में आए दो हेल्परों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। लैब से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग आगामी कार्रवाई करेगा। इतनी ज्यादा मात्रा में मिलावटी पनीर शहर में बिकने के लिए आया था, जिसके बाद से खाद्य सुरक्षा विभाग भी अलर्ट हो गया है। अब विभाग ने नियमित जांच करने और खुला पनीर दुकानदारों को नहीं बेचने की चेतावनी दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग के इंस्पेक्टर डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि वीरवार रात लगभग साढे़ 11 बजे सीएमओ कार्यालय से सूचना मिली थी कि पुलिस ने शहर में बिकने के लिए आया मिलावटी पनीर को पकड़ा है, जिसके सैंपल लिए जाने हैं। पुलिस ने टीम को भट्ठी गेट पर बुलाया, जहां पर पिकअप गाड़ी में पुलिस ने ड्रमों में भरा मिलावटी पनीर पकड़ा हुआ था। सूचना पाकर डॉ. राजेश वर्मा, सिविल अस्पताल से डॉ. यशपाल मोमिया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार अंशुल मौके पर पहुंचे। टीम ने जब ड्रमों को खुलाया तो उसमे मिलावटी पनीर बरामद हुआ। उसका वजन लगभग 200 किलोग्राम था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर के दो सैंपल लिए और उसे जांच के लिए लैब में भिजवा दिया है।