हांसी में उस समय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग ने बैंक से निकलवाए गए 20 हजार रुपये बाइक सवार दो अज्ञात युवकों द्वारा छीनकर फरार होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पुराना बस स्टैंड बाजार क्षेत्र सहित आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक पुलिस जांच में जुटी रही, लेकिन किसी भी फुटेज में रुपये छीनने या लूट की वारदात सामने नहीं आई। दरअसल, हांसी में कांजी वाड़े की रेहड़ी लगाने वाले बुजुर्ग कर्ण सिंह ने बताया था कि वह पीएनबी बैंक से 20 हजार रुपये निकलवाकर घर जा रहे थे। इसी दौरान पुराना बस स्टैंड बाजार क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और रुपये छीनकर फरार हो गए। बुजुर्ग के अनुसार उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को उनके परिवार में भतीजी की शादी है और उसी शादी की खरीदारी के लिए वह बैंक से रुपये निकलवाकर लाए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस की जांच में कहीं भी इस तरह की वारदात दिखाई नहीं दी। इसके बाद बुजुर्ग के परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि कर्ण सिंह मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। संभव है कि रुपये कहीं गिर गए हों या घर पर ही रह गए हों। परिजनों ने यह भी कहा कि वे इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं करवाना चाहते। बस स्टैंड चौकी इंचार्ज कविता ने बताया कि बुजुर्ग द्वारा रुपये छीनने की सूचना दी गई थी। पुलिस ने बाजार क्षेत्र के सभी संबंधित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, लेकिन कहीं भी छीना-झपटी या लूट की घटना सामने नहीं आई। परिजनों ने लिखित में दिया है कि बुजुर्ग मानसिक रूप से परेशान हैं और संभव है कि रुपये कहीं गिर गए हों या घर पर ही रह गए हों। परिजन अब इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते। गौरतलब है कि बुजुर्ग कर्ण सिंह के परिवार में 21 नवंबर को भतीजी की शादी होनी है। शादी की खरीदारी के लिए बैंक से निकलवाए गए 20 हजार रुपये गायब होने की बात सामने आने के बाद पुलिस को काफी देर तक जांच करनी पड़ी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में लूट की पुष्टि नहीं हो सकी।