हांसी, 05 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में अवैध हथियार रखने एवं उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ हांसी पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में CIA-1 हांसी प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई: हत्या की वारदात से पहले आरोपी काबू, कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद CIA-1 हांसी की टीम को सूचना मिली कि सिकन्दर उर्फ खान पुत्र इब्राहिम अली निवासी विकास नगर, हांसी राधिका फैक्टरी के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर CIA-1 टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के लोवर से एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने हथियार व कारतूस को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सिकंदर अपनी मां की हत्या करने की नीयत से अवैध हथियार लेकर आया था। पुलिस की तत्परता से आरोपी को वारदात को अंजाम देने से पहले ही काबू कर लिया गया। इस संबंध में थाना शहर हांसी में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है। दूसरी कार्रवाई: उमरा रोड से अवैध कट्टे सहित आरोपी गिरफ्तार इसी क्रम में CIA-1 हांसी की टीम ने सूचना के आधार पर आर्यन पुत्र मक्खण निवासी चार कुतुब गेट, हांसी को उमरा रोड हांसी स्थित दोनों नहरों के बीच वाली पटड़ी से काबू किया।तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी से हथियार का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद देशी कट्टे को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील किया। इस संबंध में थाना शहर हांसी में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच CIA-1 हांसी द्वारा की जा रही है। CIA-1 प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हांसी के मार्गदर्शन में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अवैध हथियारों के बल पर किसी भी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ऐसे आरोपियों को काबू करना पुलिस की प्राथमिकता है। हांसी पुलिस का उद्देश्य अवैध हथियारों पर प्रभावी अंकुश लगाकर आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।