हांसी।दिवाली के त्योहार को देखते हुए फूड सेफ्टी विभाग ने हांसी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने शहर में दो बड़ी दुकानों सहित दूध की दुकान पर जांच की। इस दौरान मिठाई के तीन सैंपल भरे गए, जबकि दूध के भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। दुकानों पर अचानक हुई छापेमारी से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। 150 साल पुरानी लाला दुलीचंद के पेड़े के नाम से मशहूर दुकान व बीकानेर मिष्ठान भंडार के भी तीन मिठाई का सैंपल भरा गया है। फूड एंड सेफ्टी अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि त्योहार के दौरान लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर में जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी मिलने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और करीब 14 दिन बाद इनकी रिपोर्ट आने की उम्मीद है। रिपोर्ट में सैंपल फेल पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा दुकानों पर जरूरी दस्तावेजों की कमी मिलने पर भी कार्रवाई की जा सकती है। सतीश कुमार फूड एंड सेफ्टी अधिकारी ने कहा कि दिवाली तक शहर में अलग-अलग स्थानों पर जांच और छापेमारी अभियान जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना तथा त्योहार के दौरान आमजन की सेहत सुरक्षित रखना है।