फतेहाबाद के जंडी मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति के घर का ताला तोड़कर चोर 31 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। वारदात उस समय हुई, जब परिवार घर पर ताला लगाकर राजस्थान के गांव अजीतपुरा गया हुआ था। पीड़ित ने बस अड्डा पुलिस चौकी में शिकायत देकर चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस को दी शिकायत में जंडी मोहल्ला निवासी मुकेश कुमार पुत्र बाबू राम ने बताया कि वह 28 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे अपने मकान के कमरों और मुख्य गेट पर ताला लगाकर बच्चों सहित राजस्थान के गांव अजीतपुरा गया था। अगले दिन 29 अगस्त की सुबह करीब छह बजे उसके मकान के पड़ोसी राज कुमार ने फोन कर बताया कि मकान के कमरे का दरवाजा खुला हुआ है। मुकेश के अनुसार, सूचना मिलने के बाद वह करीब आठ बजे फतेहाबाद स्थित अपने घर पहुंचा। यहां मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन कमरे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलमारी के लॉकर में रखी 31 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसके अलावा चोर सोने की कानों की बालियां, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, सोने की नोजपिन, चांदी की पाजेब, चांदी का बागूबंद सहित अन्य जेवरात भी चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि उसने अपने स्तर पर आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी हुए सामान का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मकान में हुई चोरी की जांच कर आरोपियों का पता लगाने और चोरी की गई नकदी व जेवरात बरामद करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।