रतिया। शहर के भूना रोड के पास बिना सरकारी मंजूरी के काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर बुधवार को जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग का पीला पंजा चला। डीटीपी मंदीप सिहाग के नेतृत्व में पहुंची टीम ने 14 कनाल भूमि पर विकसित की जा रही इस कॉलोनी में बनी सड़कों, चारदीवारी और करीब एक दर्जन अवैध निर्माण कार्यों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। विभाग को पिछले काफी समय से भूना रोड क्षेत्र में बिना लाइसेंस के अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में सामने आया कि कॉलोनाइजरों ने 14 कनाल जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कर सड़कें और चारदीवारी खड़ी कर ली थी। इस पर विभाग ने हरियाणा नगरीय क्षेत्र विकास तथा विनियमन अधिनियम 1975 की धारा 7-क (2) के तहत संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। नोटिस का कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में प्रो. डॉ. सुशील कुमार तैनात रहे। टीम में एफआई सपना, जेई संदीप कुमार, जेई अंकित बिश्नोई और एनफोर्समेंट ब्यूरो विंग के पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। डीटीपी मंदीप सिहाग ने मौके पर सख्त चेतावनी दी कि यदि दोबारा बिना अनुमति निर्माण कार्य शुरू किया गया, तो और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनी काटने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के लिए पुलिस को शिकायत भेजी जा रही है। जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की है कि वे सस्ते प्लॉट के लालच में आकर अवैध कॉलोनाइजरों के बहकावे में न आएं। किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वह सरकार से मंजूरशुदा है या नहीं। उन्होंने कहा कि कॉलोनी काटने के लिए सरकारी लाइसेंस अनिवार्य है और यदि कोई बिना अनुमति ऐसा करता है, तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें।