सिरसा हाईवे पर गांव धांगड़ के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में चार लोग सवार थे और सभी फतेहाबाद से सिरसा की तरफ जा रहे थे। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने स्थिति को भांपते हुए कार को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद कार में सवार चारों लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। देखते ही देखते आग ने कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभाला। वहीं दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कार में आग लगने के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। आग किस कारण लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।