नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को नागरिक अस्पताल परिसर में विशेष जागरूकता एवं अनुपालना कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएमओ डॉ कुणाल वर्मा, नोडल अधिकारी नशा मुक्त अभियान टोहाना सज्जन कुमार, सदर थाना से महावीर सिंह पंहुचे। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले को नशा मुक्त बनाना और दवाओं व इंजेक्शन के दुरुपयोग पर अंकुश लगाना रहा। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर सभी सीनियर मेडिकल अधिकारियों (एसएमओ) और पीएचसी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में अभियान की एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित कराया। इस दौरान अधिकारियों ने आरएमपी डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर संचालको हिदायत दी कि प्रयोग की गई सिरिंज और सुईयों को नष्ट करने के लिए अनिवार्य रूप से हब कटर का उपयोग करें। एसएमओ डॉ कुणाल ने स्पष्ट किया कि सिरिंजों का असुरक्षित निपटान या लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन द्वारा कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि सिरिंजों के दोबारा इस्तेमाल या नशे के लिए दुरुपयोग को रोका जा सके। अधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं।