थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के उपचार में रक्त की जरूरत को पूरा करने के उद्देश्य से पूर्ण सोसायटी और जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया। रतिया चुंगी रोड स्थित श्री अद्वैत स्वरूप विचार आश्रम मंदिर में आयोजित शिविर में 35 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर सुबह 10 बजे शुरू हुआ और दोपहर एक बजे तक चला। इस दौरान रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद के लिए योगदान दिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे बच्चों को नियमित रूप से रक्त की जरूरत होती है। इसलिए रक्तदान शिविरों के माध्यम से रक्त की उपलब्धता बनाए रखना जरूरी है। सोसायटी के प्रधान सन्नी बंसल और समाजसेवी सुदर्शन नरूला ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण मिड्ढा और फतेहाबाद के पूर्व विधायक चौ. दुड़ाराम मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं के इस प्रयास की सराहना की और लोगों से जरूरतमंदों की सहायता के लिए रक्तदान करने की अपील की।