चरखी दादरी। दादरी अनाज मंडी में फसलों की खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विधायक सुनील सांगवान ने सोमवार को मंडी का दौरा किया। उन्होंने मार्केट कमेटी कार्यालय में किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार और जिला परिषद अध्यक्ष मंदीप डालावास भी मौजूद रहे। विधायक ने बताया कि खरीद प्रक्रिया को लेकर किसानों और आढ़तियों की ओर से कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। कुछ छोटी दिक्कतों का मौके पर ही समाधान कराया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन किसानों का अनाज पोर्टल पर सत्यापित नहीं हो पाया है, उनकी सुविधा के लिए मंडी गेट पर 24 घंटे पटवारी तैनात रहेगा। मंडी में आवक जारी रहने तक पटवारी मौके पर ही सत्यापन करेगा, ताकि किसानों को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अटल किसान-मजदूर कैंटीन का भी जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और मात्रा की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कैंटीन में किसानों और मजदूरों को 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और प्रतिदिन करीब 250 लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।