दो दिन पहले कार लेकर घर से निकले थे कटेसरा निवासी कृष्ण पहलवान, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की चरखी दादरी। जिले के गांव हिंडोल में वीरवार शाम झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भिवानी जिले के गांव कटेसरा निवासी 60 वर्षीय पूर्व सरपंच कृष्ण पहलवान के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बौंद कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के अनुसार कृष्ण पहलवान दो दिन पहले अपनी कार लेकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। वीरवार शाम गांव हिंडोल में झाड़ियों के बीच उनका शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को चरखी दादरी के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।