हरियाणा पुलिस अब नशा तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और अवैध कमाई के स्रोतों पर कार्रवाई करेगी। नशा तस्करों की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार अटैच करने और कानूनी प्रक्रिया के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर जिला स्तर पर उसके प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय पंचकूला में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों, पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में नशा तस्करी, गैंगस्टर नेटवर्क, फिरौती की धमकियों, संगठित अपराध, सीसीटीवी नेटवर्क और महिला एवं बाल सुरक्षा सहित कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।