प्रदेश की शिक्षा को अधिक रोजगारपरक बनाने व तकनीक युक्त बनाने के उद्देश्य से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने केंद्र सरकार की संस्था परख की मदद से स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, रोबोटिक, कोडिंग व वोकेशनल एजुकेशन उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डाॅ. पवन कुमार ने बताया कि इसके लिए प्रदेश भर के सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि बच्चे नई तकनीकों व व्यावसायिक शिक्षा से जुडक़र रोजगारपरक व गुणवत्तापूर्वक शिक्षा ग्रहण कर सकें। बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के शिक्षा से जुड़ी संस्था परख द्वारा इस कार्यक्रम का प्रशिक्षण हरियाणा राज्य के शिक्षकों को उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए राज्य के प्रत्येक सरकारी स्कूल के एक अध्यापक व प्रिंसिपल को इसके लिए बोर्ड मुख्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये अध्यापक लगभग अगले एक माह में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा करेंगे। जिसके बाद विधिवत रूप से स्कूलों में वोकेशनल एजुकेशन व रोबोटिक एआई व कोडिंग व अन्य रोजगारपरक शिक्षा को स्कूलों में शुरू किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए भविष्य में स्लेबस में भी बदलाव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की संस्था परख जो विभिन्न राज्य सरकारों को उनके कार्याों के ग्रेडेशन व आंकलन का कार्य करती है, उसके द्वारा ये सारा कार्य संचालित होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं को वर्तमान परिपेक्ष्य में रोजगार के लिए तैयार करना है, ताकि वे अपनी शिक्षा पूर्ण होने के बाद अपनी स्किल में सुधार करके जल्द रोजगार प्राप्त कर सकें। इससे हरियाणा प्रदेश के सरकारी व प्राइवेट स्कूलों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।