भिवानी। वाहन चालकों को 31 अक्तूबर तक निर्धारित मानकों के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने की समय-सीमा तय की है। एक नवंबर से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। शनिवार को डीएसपी महेश कुमार ने हांसी गेट पर वाहन चालकों को जागरूक किया वहीं उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल के निर्देशानुसार पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज हामिद अख्तर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक भिवानी मयंक मिश्रा के निर्देशन में जिला भिवानी पुलिस द्वारा वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, वाहनों की सही पहचान सुनिश्चित करना तथा वाहन नंबर प्लेटों में अनधिकृत बदलाव, छेड़छाड़ और अस्पष्ट नंबर प्लेटों के माध्यम से होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाना है। इस वर्ष अब तक बिना नंबर प्लेट के 4,766 और एचएसआरपी के 7,552 चालान किए गए हैं।