भिवानी। शहर के पुराना बाजार स्थित खटिकान मोहल्ले में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक 17 वर्षीय किशोरी ने कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही लोहारू पुलिस, डीएसपी संजीव कुमार और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार मृतका 17 वर्षीय अमरीता निवासी भिवानी की रहने वाली थी। वह अपनी मां लक्ष्मी देवी, छोटी बहन और छोटे भाई के साथ लोहारू के खटिकान मोहल्ले में किराए के मकान में रहती थी। अमरीता तीनों भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्थानीय लोगों ने किशोरी को कमरे में पंखे से लटके हुए देखा। इसके बाद लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर लोहारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी संजीव कुमार तथा सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक सोमबीर ने बताया कि मृतका की मां लक्ष्मी देवी की शिकायत पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा।