अंबाला। आजादी की पहली लड़ाई के नायकों की याद में बने 1857 शहीद स्मारक के भव्य उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शुरुआत से पहले स्मारक का एक विशेष वर्चुअल टूर वीडियो जारी किया गया है। इस लघु वीडियो के जरिए स्मारक की अद्भुत विशेषताओं और 1857 की क्रांति से जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं को डिजिटल रूप में पेश किया गया है। यह शहीद स्मारक 1857 की क्रांति के वीर शहीदों और गुमनाम क्रांतिकारियों के बलिदान को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। लगभग 22 एकड़ में फैले इस स्मारक में 1857 की क्रांति से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रमों को 22 गैलरियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। स्मारक में लगभग 700 शहीदों के नाम सुनहरे अक्षरों में अंकित किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढिय़ां देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के योगदान और बलिदान से परिचित हो सकें।